एक्सपायर पिज्जा बेस मिला, कहीं गंदगी के बीच बन रहा था खाना,जगदलपुर के होटलों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई

एक्सपायर पिज्जा बेस मिला, कहीं गंदगी के बीच बन रहा था खाना,जगदलपुर के होटलों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई

कैलाश स्वीट्स को आगामी आदेश तक कराया बंद, बालूशाही और आलू मसाला के नमूने जांच के लिए भेजे

जगदलपुर। शहर के धरमपुरा इलाके में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने तीन होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान कहीं एक्सपायर पिज्जा बेस मिला तो कहीं साफ-सफाई में गंभीर लापरवाही सामने आई। विभाग ने एक्स्ट्राक्लास रेस्टोरेंट, ओडियानी रेस्टोरेंट और कैलाश स्वीट्स में कार्रवाई की।

जानकारी के मुताबिक, चित्रकोट रोड स्थित एक्स्ट्राक्लास रेस्टोरेंट की जांच के दौरान टीम को 10 पैकेट एक्सपायर पिज्जा बेस मिले। टीम ने मौके पर ही इन्हें नष्ट करा दिया। वहीं, धरमपुरा नंबर-1 स्थित कैलाश स्वीट्स में अत्यधिक गंदगी और खाद्य सामग्री की स्वच्छता को लेकर लापरवाही पाई गई। इसे गंभीर मानते हुए विभाग ने प्रतिष्ठान को आगामी आदेश तक बंद करा दिया।

*दो खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे*

कैलाश स्वीट्स से टीम ने बालूशाही और आलू मसाला के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं। वहीं, ओडियानी रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों को व्यवस्थाओं में सुधार और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।