पति के मना करने के बाद भी दूसरे पुरुष से संबंध रखना मानसिक क्रूरता: हाईकोर्ट ने मंज़ूर किया तलाक

पति के मना करने के बाद भी दूसरे पुरुष से संबंध रखना मानसिक क्रूरता: हाईकोर्ट ने मंज़ूर किया तलाक

बिलासपुर। हाईकोर्ट ने एक अहम फैसले में कहा है कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलना-जुलना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट का फैसला पलटते हुए पति की अपील स्वीकार कर ली और तलाक की डिक्री जारी कर दी। मामले की सुनवाई जस्टिस पी.पी. साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच में हुई।

1994 में हुई थी शादी

मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर का है। दंपती की शादी 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। पति का आरोप था कि पत्नी का एक दूसरे पुरुष से संबंध था और मना करने के बावजूद वह उससे बातचीत करती रही, जिसका असर उनके वैवाहिक जीवन पर पड़ा।

फैमिली कोर्ट ने खारिज कर दी थी याचिका

पति ने तलाक के लिए फैमिली कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त साक्ष्य न होने का हवाला देते हुए याचिका खारिज कर दी। इसके बाद पति ने हाईकोर्ट में अपील की।

बेटे और बेटी की गवाही बनी अहम

हाईकोर्ट ने गवाहों के बयानों और सबूतों की समीक्षा की और पाया कि फैमिली कोर्ट ने कई अहम पहलुओं पर विचार नहीं किया था। कोर्ट ने पति के साथ-साथ बेटे और बेटी की गवाही पर भी गौर किया। उन्होंने बताया था कि घर के लोगों की गैरमौजूदगी में एक व्यक्ति घर आता था और महिला से मिलता था।

हर मामले में शारीरिक संबंध का सीधा सबूत ज़रूरी नहीं

हाईकोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों में हर बार शारीरिक संबंधों का सीधा प्रमाण होना ज़रूरी नहीं है। बार-बार फोन पर बातचीत करना, पति की गैरमौजूदगी में उस व्यक्ति को घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना जैसी बातें प्रासंगिक हैं और इन्हें नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने इसे हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत मानसिक क्रूरता माना।

इसके साथ ही हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट का फैसला रद्द करते हुए पति के पक्ष में तलाक की डिक्री मंज़ूर कर दी।