होटल में खूनी वारदात: ब्लेड से महिला की हत्या, पति और दो बेटे घायल

होटल में खूनी वारदात: ब्लेड से महिला की हत्या, पति और दो बेटे घायल

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सोमवार सुबह एक होटल में हुई खूनी वारदात से सनसनी फैल गई। आरोपी ने एक महिला समेत उसके परिवार के सदस्यों पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना देवभोग थाना क्षेत्र के दीवानमुड़ा गांव की है।

मृतका की पहचान 45 वर्षीय छबनीता यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आरोपी देवीसिंह अचानक होटल पहुंचा और महिला की गर्दन पकड़कर उस पर ब्लेड से हमला कर दिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते, उससे पहले महिला लहूलुहान होकर गिर गई।

महिला को बचाने पहुंचे उसके दोनों बेटों और पति पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। एक बेटे की गर्दन और पति के पेट पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद होटल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल पति और बेटों ने महिला को देवभोग अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही देवभोग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पंचनामा कार्रवाई के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतनी खौफनाक घटना नहीं देखी। इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।