बस्तर में सड़कें कागजों पर बनीं और भुगतान भी !

बस्तर में सड़कें कागजों पर बनीं और भुगतान भी !

13 इंजीनियर सस्पेंड, 5.50 करोड़ की वसूली और एफआईआर भी

रायपुर (चैनल इंडिया)। बस्तर में नक्सलियों के खौफ की आड़ में अफसर कागजों पर सडक़ें बनाते रहे और करोड़ों रुपए का भुगतान भी होता रहा। जांच में अब 12 साल पुराने भ्रष्टाचार की परतें खुल रही हैं। वर्ष 2011 से 2023 के बीच हुए सडक़ निर्माण कार्यों की जांच में बीजापुर की 24 सडक़ों पर 19.17 करोड़ रुपए के अतिरिक्त भुगतान का मामला सामने आया है।

शासन ने मंगलवार को पांच और अफसरों को निलंबित कर दिया। इससे पहले आठ अफसरों पर कार्रवाई हो चुकी है। पांच सेवानिवृत्त अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। जांच में बीजापुर की एक-एक सडक़ का रिकॉर्ड खंगाला गया। निर्माण की मंजूरी, तय समय-सीमा, खर्च और मौके पर काम की वास्तविक स्थिति का मिलान किया गया। इसमें सरकारी दस्तावेजों और मैदानी हकीकत में बड़ा अंतर मिला।

शासन ने तत्कालीन कार्यपालन अभियंता बीएस ठाकुर, चंद्रकांत भगत, सोमाकांत साहू, जितेंद्र कुमार मेश्राम और हेमंत सालेचा को निलंबित किया है। इससे पहले तत्कालीन सहायक अभियंता एसके बांधे, मुविश लहरे और सतानंद महिकवार के अलावा उप अभियंता गिरधर लहरी, यशवंत साहू, लोकेश कुमार सोनी और तस्वीर कुमार गोंड पर कार्रवाई हो चुकी है। अन्य अधिकारियों की भूमिका भी जांची जा रही है। वहीं, तत्कालीन कार्यपालन अभियंता केआर शास्त्री, आरके साहू, एमपी खरे, विजय कुमार कोमरे और पीएम साहू सहित पांच सेवानिवृत्त अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

बीजापुर की 24 सडक़ों की जांच में 19.17 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भुगतान सामने आया। सरकारी ऑनलाइन रिकॉर्ड में 218 किलोमीटर मिट्टी का काम दर्ज था, जबकि मौके पर केवल 116 किलोमीटर में काम मिला। उसकी गुणवत्ता भी तय मानकों के अनुरूप नहीं थी।

विभाग ने 15 ठेकेदारों को वसूली के नोटिस जारी किए हैं। इनमें पांच ठेकेदारों से करीब 5.50 करोड़ रुपए की वसूली की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई है। भ्रष्टाचार की जांच के साथ सरकार ने अधूरी सडक़ों का निर्माण पूरा कराने की तैयारी भी शुरू कर दी है। बीजापुर की 45 और सुकमा की 23 सडक़ों का दोबारा टेंडर कर मार्च 2027 तक काम पूरा कराने का लक्ष्य है। बस्तर संभाग की कुल 148 अधूरी सडक़ों को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।