साइबर ठगों को बैंक खाते बेचने वाले 8 म्यूल खाताधारक गिरफ्तार, इनमें एक महिला भी शामिल
भिलाईनगर। ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले म्यूल खाताधारकों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना सुपेला, थाना पुरानी भिलाई और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने एक महिला समेत कुल 8 खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपियों के पास से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज़ जब्त किए गए हैं।
ठगी की रकम छिपाने में होता था म्यूल खातों का इस्तेमाल
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि साइबर अपराधी ऑनलाइन ठगी से मिली रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे थे, ताकि रकम के असली स्रोत और फायदा उठाने वालों की पहचान छिपाई जा सके।
एजेंटों के ज़रिए सौंपे थे खाते
जांच में सामने आया कि कुछ खाताधारकों ने एजेंटों के माध्यम से अपने बैंक खाते और उनसे जुड़े पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड दूसरे लोगों को सौंप दिए थे। बाद में इन्हीं खातों में साइबर ठगी की रकम मंगाई गई और फिर उसे अलग-अलग खातों में भेजा गया। बैंक खातों के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों की जांच में इन खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है।
सुपेला में 3 और पुरानी भिलाई में 5 खाताधारकों पर कार्रवाई
पुलिस ने दोनों थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई की। थाना सुपेला क्षेत्र में एयू बैंक से जुड़े 3 खाताधारकों और थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र में बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े 5 खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
admin




























