चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र ने की आत्महत्या, पीजी रूम में मिला सुसाइड नोट

चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र ने की आत्महत्या, पीजी रूम में मिला सुसाइड नोट

भिलाईनगर। सुपेला थाना क्षेत्र में चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के एक एमबीबीएस छात्र ने बुधवार रात अपने पीजी रूम में आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से एक पेज का सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जंजगिरी निवासी अभिजीत देवांगन (22 वर्ष), पिता तीरथ राम देवांगन, कोहका के अवंती बाई चौक के पास शिवाजी नगर में एक पीजी (पेइंग गेस्ट) रूम में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि अभिजीत बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से पीजी रूम गया था। रात करीब 8:30 बजे घटना की जानकारी मिलने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परीक्षा परिणाम को लेकर था तनाव में

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अभिजीत ने इस साल सितंबर में सेकंड ईयर की यूनिवर्सिटी परीक्षा दी थी। इसमें पैथोलॉजी और फार्माकोलॉजी विषय में सप्लीमेंट्री आने के बाद से वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। पुलिस सुसाइड नोट और अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

(अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 पर मुफ्त और गोपनीय मदद ले सकते हैं।)