मकान सौदे में एक ही रकम दो बार वसूलने का आरोप, ट्रांसपोर्टर से 8 लाख की धोखाधड़ी पर मामला दर्ज
भिलाईनगर। मकान खरीदी के एक सौदे में रकम के लेन-देन को लेकर 8 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सेक्टर-7 निवासी ट्रांसपोर्टर राम कुमार राय की शिकायत पर जामुल पुलिस ने विनोद कुमार यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 348(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
75 लाख में तय हुआ था मकान का सौदा
जामुल पुलिस के अनुसार, राम कुमार राय ने जामुल के नंदिनी रोड स्थित खसरा नंबर 420/4 के एक मकान का सौदा शबाहत अमरीन से 75 लाख रुपए में तय किया था। मकान बेचने वाली शबाहत अमरीन को तुरंत पैसों की ज़रूरत थी, इसलिए शिकायतकर्ता ने अपने परिचित विनोद कुमार यादव के बैंक खाते से विक्रेता के खाते में दो किस्तों में कुल 8 लाख रुपए आरटीजीएस के ज़रिए भिजवाए। इसमें दिसंबर 2024 में 3 लाख और 9 जनवरी 2025 को 5 लाख रुपए भेजे गए थे।
वकील से नोटिस भेजकर दोबारा मांगी रकम
आरोप है कि रकम भेजे जाने के बाद विनोद कुमार यादव ने वकील के ज़रिए मकान विक्रेता शबाहत अमरीन को नोटिस भेजकर 8 लाख रुपए दोबारा मांगे। इससे परेशान होकर विक्रेता ने 20 अप्रैल को फिर से 8 लाख रुपए आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
शिकायतकर्ता से पहले ही वापस ले चुका था पैसे
राम कुमार राय का आरोप है कि विनोद यादव उनसे यह 8 लाख रुपए पहले ही वापस ले चुका था, इसके बावजूद उसने मकान विक्रेता से भी उसी रकम के नाम पर 8 लाख रुपए वसूल लिए। इस तरह एक ही रकम के बदले दो बार 8-8 लाख रुपए लेकर उसने धोखाधड़ी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
admin




























