खुद को गृह मंत्री का पीए बताकर 15 लोगों से ठगे लाखों रुपए, 2 शातिर ठग गिरफ्तार

खुद को गृह मंत्री का पीए बताकर 15 लोगों से ठगे लाखों रुपए, 2 शातिर ठग गिरफ्तार

रायपुर। सरकारी नौकरी लगाने और ट्रांसफर कराने के नाम पर करीब 15 लोगों से 25 लाख रुपए की ठगी करने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लोगों को झांसा देने के लिए खुद को प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने की बात कही। इनमें से एक आरोपी ने खुद को गृह मंत्री का निजी सहायक (PA) बताकर फर्जी पहचान का इस्तेमाल किया।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी बोस्टो तांडी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आदित्य मोहन पंडा और संतराम यादव ने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे 70 हजार रुपए लिए थे। रुपए लेने के बाद भी नौकरी नहीं लगाई गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों से भी नौकरी और ट्रांसफर कराने के नाम पर रकम ली है।

पूछताछ में 15 लोगों से ठगी का खुलासा

शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) में मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की और दोनों को हिरासत में लिया।

25 लाख रुपए लेना स्वीकार

गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य मोहन पंडा (23), निवासी कमल विहार और संतराम यादव (38), निवासी हिमालया हाइट्स, देवपुरी शामिल हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने अब तक करीब 15 लोगों से नौकरी और ट्रांसफर कराने के नाम पर लगभग 25 लाख रुपए लेना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ठगी के अन्य मामलों और रकम की जानकारी जुटा रही है।