परमेश्वरी धाम मंदिर में चोरी, दानपेटी की नगदी और आभूषण लेकर फरार हुए चोर
महासमुंद। जिले के पिथौरा स्थित प्रसिद्ध परमेश्वरी धाम मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में घुसकर दानपेटी में रखी नगदी और भगवान के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, चोरी से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात चोर मंदिर में दाखिल हुए और दानपेटी को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली। इसके अलावा मंदिर में विराजमान देवी-देवताओं के सोने-चांदी के आभूषण भी अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब पुजारी और श्रद्धालु नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे।
चोरी की सूचना मिलते ही मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद पिथौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
परमेश्वरी धाम क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक और आस्था का केंद्र माना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

admin 




