पड़ोसी बना दरिंदा,चाकू की नोक पर सहकर्मी की पत्नी के साथ 2 घंटे तक किया दुष्कर्म, वीडियो भी बनाया
अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले युवक ने महिला के घर में घुसकर चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने वारदात का फोटो और वीडियो भी बना लिया तथा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी भास्कर जना और पीड़िता का पति मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं। दोनों परिवार ग्राम कोलार स्थित एक मकान में किराए से रहते हैं और पास की आकृति बिस्किट फैक्ट्री में काम करते हैं। आरोपी की नजर काफी समय से अपने पड़ोसी की पत्नी पर थी।
फैक्ट्री से बहाना बनाकर घर पहुंचा आरोपी
पुलिस के मुताबिक 18 जून को आरोपी अपनी पत्नी और पीड़िता के पति के साथ रोज की तरह फैक्ट्री गया था। दोपहर में मौका देखकर वह फैक्ट्री से निकलकर घर पहुंच गया। उसे पहले से पता था कि महिला घर में अकेली है।
आरोपी ने महिला के घर पहुंचकर उससे प्रेम का इजहार किया और जबरन कमरे में घुस गया। इसके बाद कमरे का दरवाजा बंद कर चाकू दिखाकर महिला को डराया-धमकाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। करीब दो घंटे तक उसने महिला को बंधक बनाकर रखा।
फोटो-वीडियो बनाकर दी धमकी
वारदात के दौरान आरोपी ने महिला के फोटो और वीडियो भी बना लिए। उसने धमकी दी कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी गई तो वह महिला और उसके पति की हत्या कर देगा। महिला ने अपने पति को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।
मकान मालकिन और पीड़िता के पति को चाकू लेकर मारने दौड़ा
सूचना मिलने पर महिला का पति, आरोपी की पत्नी और मकान मालकिन फैक्ट्री से घर पहुंचे। जब उन्होंने आरोपी से इस घटना के बारे में पूछा तो वह आक्रोशित हो गया और चाकू लेकर महिला के पति व मकान मालकिन को मारने दौड़ पड़ा।
इस दौरान मकान मालकिन ने साहस दिखाते हुए पास में पड़े डंडे से आरोपी के सिर पर वार किया। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर उसका प्राथमिक उपचार कराया। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी भास्कर जना (23 वर्ष) ग्राम पितामाहुल थाना सुबलाया, जिला सोनापुर (ओडिशा) का रहने वाला है। वर्तमान में ग्राम कोलार अभनपुर रायपुर में रह रहा था।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़िता, उसके पति और मकान मालकिन से पूछताछ की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

admin 




