कमल विहार में होटल स्काई पर छापा, व्हाट्सएप के जरिए चल रहा था देह व्यापार का नेटवर्क
रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। कमल विहार के सेक्टर-7B स्थित होटल स्काई में पुलिस की दबिश के दौरान कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल के कर्मचारियों और दलालों द्वारा व्हाट्सएप के जरिए युवतियों की तस्वीरें भेजकर ग्राहकों से सौदेबाजी की जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक, युवतियों के लिए 3 हजार से लेकर 12 हजार रुपए तक रेट तय किए जाते थे। ग्राहक फाइनल होने के बाद होटल में कमरे उपलब्ध कराए जाते थे। बताया जा रहा है कि यह पूरा नेटवर्क सोशल मीडिया, व्हाट्सएप कॉल और ऑनलाइन माध्यमों से संचालित किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। लगातार शिकायतों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि बाहर से युवतियों को बुलाकर ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी और जांच शुरू की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूत जब्त किए हैं। जांच एजेंसियां अब इस रैकेट से जुड़े अन्य दलालों, होटल प्रबंधन और सप्लाई चेन में शामिल लोगों की तलाश कर रही हैं।
मामले को लेकर यह भी सवाल उठ रहे हैं कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बावजूद राजधानी में इस तरह का अवैध कारोबार लंबे समय तक कैसे चलता रहा। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

admin 





