पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह: दोस्त को शराब पिलाने के बाद चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह: दोस्त को शराब पिलाने के बाद चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। ग्राम नारधा में बाइक को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान भीम गायकवाड़ (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रायपुर नगर निगम में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी था। घटना के बाद जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले भीम गायकवाड़ ने आरोपी अरविंद चतुर्वेदी से एक सेकेंड हैंड मोटरसाइकिल खरीदी थी। कुछ समय बाद बाइक चोरी हो गई, जिसके बाद दोनों के बीच लगातार विवाद चलता रहा। बताया जा रहा है कि भीम ने विवाद खत्म करने के लिए दूसरी बाइक देने की पेशकश भी की थी, लेकिन आरोपी अपनी पुरानी बाइक वापस लेने की मांग पर अड़ा हुआ था।

पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर किया जानलेवा हमला

दुर्ग एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, मंगलवार को आरोपी ने योजना के तहत भीम को मिलने के लिए बुलाया। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान पुरानी बाइक को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी ने धारदार हथियार से भीम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल भीम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद

सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अरविंद चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

भीम गायकवाड़ की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मौत के बाद तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।