उरला में हाईवा चोरी, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार; वाहन बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में हाईवा ट्रक चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। उरला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया लगभग 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मनीराम यादव ने उरला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका हाईवा ट्रक क्रमांक CG 07 CA 5157, जिसे चालक बजरंगबली मौर्या चलाता था, 20 जून की शाम उरला स्थित जेए फ्यूल्स के पास खड़ा किया गया था। अगले दिन सुबह वाहन मौके से गायब मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर एवं सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के निर्देशन में उरला थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर उरला निवासी खिलावन पात्रे को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने ट्रक चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया हाईवा ट्रक बरामद कर लिया, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

admin 




