मंत्रोच्चार और भक्ति से गूंजा शंकराचार्य आश्रम,महात्रिपुर सुंदरी का अनेक द्रव्यों से हुआ अर्चन

मंत्रोच्चार और भक्ति से गूंजा शंकराचार्य आश्रम,महात्रिपुर सुंदरी का अनेक द्रव्यों से हुआ अर्चन

रायपुर। बोरियाकला स्थित श्री जगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण देखने को मिला। ब्रह्मलीन पीठद्वयाधीश्वर परम पूज्य प्रातः स्मरणीय अनंत श्री विभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज के 102वें प्राकट्य महामहोत्सव के अवसर पर श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। परम पूज्य 1008 यतिप्रवर दण्डी स्वामी श्री इन्दुभवानन्द तीर्थ जी महाराज के पावन सानिध्य में भगवती राजराजेश्वरी महात्रिपुर सुंदरी का विभिन्न द्रव्यों से विधिवत अर्चन किया गया। पूजा-अर्चना के दौरान मंत्रोच्चार से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालुओं ने मां राजराजेश्वरी की आराधना कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। धार्मिक विधि-विधान के बीच भक्तों ने श्रद्धापूर्वक अर्चन में सहभागिता की। इस दौरान आश्रम में बने आध्यात्मिक वातावरण में श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।

अर्चन के दौरान गूंजता रहा मंत्रोच्चार

महामहोत्सव के मुख्य धार्मिक आयोजन में भगवती राजराजेश्वरी महात्रिपुर सुंदरी की पूजा-अर्चना की गई। विभिन्न पूजन द्रव्यों से किए गए अर्चन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से आश्रम परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता रहा। दण्डी स्वामी श्री इन्दुभवानन्द तीर्थ जी महाराज के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्यलाभ लिया।

इस अवसर पर भक्तों ने ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उनके आध्यात्मिक जीवन, सनातन धर्म के प्रति योगदान और समाज को दिए संदेशों को याद कर उन्हें नमन किया गया।

धार्मिक आयोजन के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश

प्राकट्य महामहोत्सव के अवसर पर आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी हुआ। दण्डी स्वामी श्री इन्दुभवानन्द तीर्थ जी महाराज, जगद्गुरु कुलम् के छात्रों सहित जनप्रतिनिधियों ने पौधे लगाए। धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की देखभाल का संकल्प भी लिया गया।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंदकुमार साहू, पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त अंजय शुक्ल, भाजपा युवा नेता हरिओम साहू, डुमरतराई पार्षद मनोज जांगड़े, बोरियाकला सरपंच हिमांचल साहू सहित हीरा पांडेय, भागीरथी पांडेय, अनिल पांडेय, महेंद्र शास्त्री, दीपक पांडेय, राकेश अग्रवाल, अनंत गुप्ता, नरसिंह चंद्राकर, भरत साहू, राधे साहू, परसुराम साहू, खिलावन साहू, कन्हैयालाल साहू, कमल साहू, नंद कुमार देवांगन, कमल देवांगन, साधुराम और जनकराम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।