छत्तीसगढ़ में पहली बार होगी हॉकी लीग, खेलों के लिए 157 करोड़ की नई योजनाएं

छत्तीसगढ़ में पहली बार होगी हॉकी लीग, खेलों के लिए 157 करोड़ की नई योजनाएं
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बड़ा निवेश कर रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपए और छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के लिए 57 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य में पहली बार हॉकी लीग के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। साथ ही खेल अकादमियों में खिलाडिय़ों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिलाने के लिए 14 प्रशिक्षकों को पटियाला भेजा गया है। उन्होंने बताया कि खेल गतिविधियों को मजबूत करने के लिए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती में खेल अधिकारी के पद सृजित किए गए हैं। विभाग में 44 प्रशिक्षकों, 4 जिला खेल अधिकारियों, 23 सहायक ग्रेड-3 और 8 वार्डनों की भर्ती प्रक्रिया भी चल रही है।