स्टार क्रिकेटर ऑलराउंडर शशांक सिंह ने छोड़ा छत्तीसगढ़ का साथ, प्रदेश क्रिकेट संघ पर लगाए गंभीर आरोप

स्टार क्रिकेटर ऑलराउंडर शशांक सिंह ने छोड़ा छत्तीसगढ़ का साथ, प्रदेश क्रिकेट संघ पर लगाए गंभीर आरोप
रायपुर (चैनल इंडिया)। पंजाब किंग्स के स्टार ऑलराउंडर और छत्तीसगढ़ के घरेलू क्रिकेटर शशांक सिंह ने बड़ा फैसला लेते हुए छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम छोडऩे का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि 2026-27 घरेलू सत्र से वह पुडुचेरी की ओर से खेलेंगे। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ पर उपेक्षा और सहयोग नहीं मिलने के गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
शशांक सिंह ने कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट ले लिया है और आगामी घरेलू सीजन में पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व करेंगे। शशांक ने आरोप लगाया कि पिछले घरेलू सीजन के दौरान उनके कंधे और उंगली में गंभीर चोट लगी थी, लेकिन उस कठिन समय में छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने उनका कोई सहयोग नहीं किया। उनका कहना है कि चोट से उबरने के बाद भी उन्हें नजरअंदाज किया गया।
उन्होंने बताया कि सीजन समाप्त होने के बाद उनका नाम छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग 2026 के खिलाडिय़ों की सूची में शामिल नहीं किया गया। इसके अलावा बेंगलुरु में आयोजित प्री-सीजन कैंप के लिए भेजी गई टीम में भी उन्हें जगह नहीं मिली। शशांक ने कहा कि जब उन्होंने चयन से बाहर रखने का कारण जानना चाहा, तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें यह कहकर नजरअंदाज किया गया कि वह सिर्फ आईपीएल खेलना चाहते हैं और छत्तीसगढ़ के लिए घरेलू क्रिकेट नहीं खेलना चाहते। उन्होंने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन हमेशा घरेलू क्रिकेट में शानदार रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि बीसीसीआई ने उन्हें 2023-24 घरेलू लिमिटेड ओवर्स सीजन का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना था और लाला अमरनाथ पुरस्कार से सम्मानित किया था।
शशांक सिंह ने घरेलू क्रिकेट नहीं खेलने के आरोपों पर भी अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि आईपीएल में व्यस्त रहने के कारण समय की कमी होती है, जिससे कई बार घरेलू (स्टेट) मुकाबलों में खेल पाना संभव नहीं हो पाता। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि जब भी आईपीएल और अन्य स्पर्धाओं से से समय मिलता है तब वह नियमित रूप से जिला (डिस्ट्रिक्ट) स्तर के क्रिकेट में हिस्सा लेते हैं। शशांक का कहना है कि घरेलू क्रिकेट से दूरी बनाने का आरोप पूरी तरह गलत है और वह हमेशा क्रिकेट खेलते रहे हैं। शशांक सिंह का 2024-25 घरेलू सीजन भी बेहद सफल रहा। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में 7 मैचों में 450 रन बनाने के साथ 11 विकेट भी लिए। वहीं सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 में 7 मुकाबलों में 188 रन बनाकर टीम के लिए अहम योगदान दिया।
अब पुडुचेरी के लिए खेलेंगे
34 वर्षीय शशांक सिंह अब 2026-27 सीजन से पुडुचेरी की टीम का हिस्सा होंगे। रिपोट्र्स के अनुसार, वह इस सत्र में रेड-बॉल क्रिकेट से ब्रेक लेकर अपनी गेंदबाजी पर विशेष ध्यान देंगे, ताकि टी-20 क्रिकेट में एक प्रभावी ऑलराउंडर के रूप में अपनी भूमिका को और मजबूत बना सकें।