चलती हाईवा में लगी भीषण आग, चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलसे
सरगुजा। जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक चलती हाईवा में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में सवार चालक समेत तीन लोग उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा ग्राम सोनतराई स्थित देवगढ़ मोड़ पर अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-43) पर हुआ। आग लगने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को हाईवा से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग के कारण हाईवे पर कुछ समय तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात बाधित रहा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दमकल विभाग भी आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है।

admin 




