कारोबारी के घर और कारखाने में 24 घंटे चली आयकर विभाग की कार्रवाई, अहम दस्तावेज जब्त
बलौदाबाजार। शहर के गौरव पथ स्थित पीतल सामान के कारोबारी राजकुमार सराफ के घर और कारखाने में आयकर विभाग की कार्रवाई करीब 24 घंटे तक चली। देर रात शुरू हुई जांच के बाद आयकर विभाग की टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर अपने साथ ले गई।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग के अधिकारियों ने कारोबारी के घर और कारखाने में मौजूद दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। इस दौरान कारोबारी के परिजनों से भी पूछताछ की गई। जांच में आवश्यक पाए गए कई दस्तावेजों को अधिकारियों ने जब्त किया है।
कार्रवाई के दौरान परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बलौदाबाजार पुलिस की टीम पूरे समय मौके पर तैनात रही। आयकर विभाग की कार्रवाई के चलते आसपास के इलाके में भी हलचल बनी रही।
कार्रवाई पूरी होने के बाद जब मीडिया ने आयकर विभाग के अधिकारियों से जांच और जब्त दस्तावेजों के संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की, तो अधिकारियों ने कोई टिप्पणी नहीं की। विभाग की ओर से फिलहाल कार्रवाई के नतीजों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
करीब 24 घंटे चली इस कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर जारी है। कारोबारी से जुड़े लोग भी दिनभर कार्रवाई की जानकारी लेते रहे। अब आयकर विभाग द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आगे मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।

admin 




