दुर्ग में हवाला का बड़ा खेल बेनकाब: पुलिस ने चेकिंग के दौरान पिकअप से बरामद किए 4 करोड़ रुपये, सीक्रेट चेंबर में छिपाकर ले जाई जा रही थी रकम

दुर्ग में हवाला का बड़ा खेल बेनकाब: पुलिस ने चेकिंग के दौरान पिकअप से बरामद किए 4 करोड़ रुपये, सीक्रेट चेंबर में छिपाकर ले जाई जा रही थी रकम
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की है। यह रकम गाड़ी के पिछले हिस्से को मॉडिफाई कर बनाए गए एक गुप्त (सीक्रेट) चेंबर में बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर ले जाई जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दे दी है और आगे की गहन जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बोलेरो मैक्स पिकअप रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। गत 25 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे डबरापारा स्थित खुर्सीपार थाना के पास नियमित वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने जब इस संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, तो उसमें सवार दो व्यक्तियों—चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे—से पूछताछ की गई। वाहन की सघन तलाशी के दौरान पिछले हिस्से में बने सीक्रेट चेंबर का खुलासा हुआ, जिसमें छिपाकर रखे गए नोटों के बंडलों की गिनती करने पर कुल राशि 4 करोड़ रुपये पाई गई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी नकदी का स्रोत क्या था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।