रायपुर (चैनल इंडिया)। रायपुर में बीएड छात्रा की उसके लिव-इन पार्टनर ने मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी युवती को अंबेडकर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
घरवालों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान भारती नेताम और आरोपी की पहचान सावंत बघेल के रूप में हुई है। मामला मुजगहन थाना के बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है।
खमतराई थाना क्षेत्र के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के तालाब में मिली युवती की लाश की गुत्थी भी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या उसके प्रेमी करण तांडी ने की थी। युवक को शक था कि नंदनी का किसी दूसरे युवक से अफेयर है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने नंदनी की हत्या कर दी। शव तालाब में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मुजगहन पुलिस के अनुसार कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर की रहने वाली भारती नेताम रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले 6-7 महीने से कोंडागांव के सावंत बघेल के साथ बोरियाकला में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सावंत डीएलएड का छात्र है। भारती की बहन ने पुलिस को बताया कि सावंत अक्सर भारती पर शक करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था। 4 अगस्त की रात भारती ने फोन कर अपनी बहन को बताया था कि सावंत ने उसके साथ मारपीट की है और वह वापस अपने गांव कोकपुर आना चाहती है।बहन ने उसकी मदद के लिए किराए और अन्य खर्च के लिए 3 हजार रुपए ऑनलाइन भेजे थे। लेकिन भारती गांव लौट पाती, उससे पहले ही आरोपी ने उसे मौत के घाट उतार दिया।