बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खैंदा और मुड़ियाडीह के बीच सड़क पर 65 वर्षीय एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब बुजुर्ग दूध देने के लिए घर से निकले थे।
दूध देने जाने के दौरान हुआ हमला
-
मृतक की पहचान: केजराम ध्रुव (65 वर्ष), पिता ढेलसिंह ध्रुव, निवासी ग्राम मुड़ियाडीह।
-
घटनाक्रम: परिजनों के अनुसार, केजराम मंगलवार शाम करीब 5 बजे अपने घर से दूध बेचने के लिए पास के गांव जाने निकले थे। इसी दौरान खैंदा और मुड़ियाडीह के बीच रास्ते में अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावर का सुराग नहीं लग सका है। पुलिस आसपास के लोगों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा रंजिश समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है।