प्रवेशोत्सव में इस बार छात्रों को एक साथ मिलेंगे दो-दो सेट यूनिफार्म : विद्यार्थी कत्थे रंग की पैंट और नीले रंग की चेक शर्ट में नजर आएंगे

प्रवेशोत्सव में इस बार छात्रों को एक साथ मिलेंगे दो-दो सेट यूनिफार्म : विद्यार्थी कत्थे रंग की पैंट और नीले रंग की चेक शर्ट में नजर आएंगे
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश के सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को इस बार प्रवेश उत्सव के समय ही दो-दो सेट गणवेश (यूनिफार्म) उपलब्ध कराने की तैयारी है। अब तक विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में एक सेट गणवेश दिया जाता था, जबकि दूसरा सेट अक्टूबर-नवंबर में बांटा जाता था। इस वर्ष व्यवस्था में बदलाव करते हुए दोनों सेट एक साथ उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
गणवेश पहली से आठवीं तक के बच्चों को दिया जाता है। इस सत्र बच्चे पुरानी सफेद शर्ट और नीली पैंट की जगह कत्थे रंग की पैंट और नीले रंग की चेक शर्ट में नजर आएंगे। छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ मर्यादित द्वारा गणवेश निर्माण और आपूर्ति का कार्य किया जा रहा है। संघ के अनुसार प्रदेश के दूरस्थ और आदिवासी बहुल क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए पहले बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभागों में दोनों सेट की आपूर्ति पूरी कर दी गई है। वहीं दुर्ग संभाग में पहले और दूसरे सेट की आपूर्ति जारी है। जबकि रायपुर संभाग में वितरण कार्य अभी शुरू किया गया है।
विभाग ने दावा किया है कि 10 जून तक प्रदेश के सभी जिलों में दो-दो सेट गणवेश पहुंचा दिए जाएंगे, ताकि प्रवेशोत्सव के दौरान विद्यार्थियों को समय पर लाभ मिल सके। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि उत्पादन और परिवहन कार्य युद्धस्तर पर जारी है और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी स्कूलों तक गणवेश पहुंचा दिए जाएंगे।