तीन दिन झमाझम बरसेगा पानी, उत्तर में भारी बारिश की चेतावनी : आठ से एक्टिविटी में आएगी कमी

तीन दिन झमाझम बरसेगा पानी, उत्तर में भारी बारिश की चेतावनी : आठ से एक्टिविटी में आएगी कमी
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि आठ अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों और तीव्रता में कमी आने के आसार हैं।
फिलहाल प्रदेश में मानसून सामान्य स्थिति में बना हुआ है। एक जून से अब तक सामान्य से सात प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और ृबिजली गिरने की संभावना है। आठ अगस्त के बाद बारिश की तीव्रता और इसका दायरा धीरे-धीरे कम होने लगेगा। आज रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मानसून का आंकड़ा
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक कुल बारिश सामान्य श्रेणी में है, लेकिन उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है। वहीं, जिन जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है, वहां कई जगह जलभराव और नदी-नालों के उफान जैसी स्थिति बनी हुई है।
रायपुर सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।