महंगाई और फ्यूल नैरेटिव का जवाब देने भाजपा के मंत्री और सांसद पांच से मैदान में

महंगाई और फ्यूल नैरेटिव का जवाब देने भाजपा के मंत्री और सांसद पांच से मैदान में

रायपुर (चैनल इंडिया)। पेट्रोल-डीजल की कीमतों और महंगाई को लेकर विपक्ष के हमलों का जवाब भाजपा अब सीधे जनता के बीच जाकर देने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर पार्टी 5 जून से 21 जून तक पूरे प्रदेश में जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इसमें मंत्री, सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। 
 अभियान की शुरुआत जनसंवाद कार्यक्रमों से होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा के साथ सरकार के सभी मंत्री जिलों में जाकर मीडिया से बातचीत करेंगे। वहीं सांसद और विधायक गांवों, मंडलों और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। भाजपा के इस पूरे अभियान को विपक्ष के फ्यूल और महंगाई नैरेटिव का जवाब देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
हाल के दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों और बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार भाजपा सरकार को घेर रहे हैं। पार्टी के भीतर यह फीडबैक आया है कि महंगाई और ईंधन कीमतों को लेकर लोगों के बीच कुछ नकारात्मक संदेश गया है। ऐसे में भाजपा अब केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचकर राजनीतिक माहौल को अपने पक्ष में करने की तैयारी में है। पांच  से 21 जून तक चलने वाले कार्यक्रमों के लिए तैयार रोडमैप के अनुसार प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान, जनकल्याण शिविर और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।