रास्ता रोककर युवक की आंखों में झोंका मिर्च पाउडर, लूट की कोशिश करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

रास्ता रोककर युवक की आंखों में झोंका मिर्च पाउडर, लूट की कोशिश करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में युवक की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर लूटपाट का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने, विरोध करने पर मारपीट करने और मोबाइल फोन तोड़ने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, घटना 22 जुलाई की है। पीड़ित संतोष यादव अपने एक साथी के साथ धान का बीज लेकर लौट रहा था। इसी दौरान सेमरा बाजार के पास तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे।

पीड़ित द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और लूटपाट करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद रतनपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। घेराबंदी कर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन ध्रुव, जागेश्वर साहू और आकाश साहू के रूप में हुई है। तीनों आरोपी सेमरा (भरारी), थाना रतनपुर क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।