नवंबर के पहले सप्ताह में हल्की ठंड ने दी दस्तक; अगले 3 दिनों में तेजी से गिरेगा पारे का ग्राफ, जानिए अपने जिले का हाल

नवंबर के पहले सप्ताह में हल्की ठंड ने दी दस्तक; अगले 3 दिनों में तेजी से गिरेगा पारे का ग्राफ, जानिए अपने जिले का हाल
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अब पूरी तरह बदलने लगा है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती सिस्टम के कमजोर पड़ने और बारिश का दौर थमने के बाद प्रदेश में शुष्क हवाओं का असर शुरू हो गया है, जिससे नवंबर के पहले सप्ताह में ही हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और रात के समय ठंडी हवाएं महसूस होने लगी हैं, जिससे मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

पिछले 24 घंटों के मौसम आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश के कुछ चुनिंदा स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें कोहकामेटा में सबसे अधिक 4 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि रायपुर और माना में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह और रात के वक्त हल्की सिहरन महसूस होने से लोगों को अब गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है।