सपैठियों को दी पनाह तो खैर नहीं, काम पर रखने वालों पर भी कार्रवाई : राज्य सरकार ने दिया अल्टीमेटम

सपैठियों को दी पनाह तो खैर नहीं, काम पर रखने वालों पर भी कार्रवाई : राज्य सरकार ने दिया अल्टीमेटम
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी में बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़े जाने के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने अवैध घुसपैठ के खिलाफ अपना रुख और सख्त कर दिया है। गृह मंत्री विजय शर्मा ने साफ कहा है कि सिर्फ  घुसपैठियों की पहचान और गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उन्हें काम देने, किराए पर रखने या पनाह देने वालों की भूमिका पर भी नजर रखी जाएगी। सरकार ने आम लोगों से भी संदिग्ध लोगों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है। इसके लिए टोल फ्री नंबर 18002331905 जारी किया गया है। 
मंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि अवैध घुसपैठ सरकार के लिए गंभीर मुद्दा है। सरकार अब इस बात की भी जांच पर जोर दे रही है कि संदिग्ध विदेशी नागरिक राज्य में कैसे पहुंचे, कहां रह रहे हैं और उन्हें रोजगार या रहने की सुविधा किसने उपलब्ध कराई। गृहमंत्री ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति की पहचान को लेकर संदेह हो तो खुद कार्रवाई करने के बजाय पुलिस को सूचना दें। 
सरकार का संदेश साफ है किसी भी व्यक्ति को काम पर रखने या किराए पर रखने से पहले उसकी पहचान और दस्तावेजों की जांच करें। गृह मंत्री के मुताबिक अगर कोई व्यक्ति अचानक आपके इलाके में नजर आने लगे, किराए पर रहने लगे या किसी ठेकेदार, टेंट संचालक अथवा दूसरे काम से जुड़ा दिखाई दे लेकिन उसकी पहचान और पता स्पष्ट न हो तो इसकी सूचना पुलिस को दी जा सकती है. उन्होंने कहा कि केवल किसी व्यक्ति के बाहरी रूप, भाषा या अचानक इलाके में दिखाई देने के आधार पर उसे विदेशी या घुसपैठिया मानना उचित नहीं है। संदिग्धता की स्थिति में दस्तावेजों और आधिकारिक सत्यापन की जिम्मेदारी पुलिस और संबंधित प्रशासन की है।