रायपुर में पहली बार दिखेगा महिला क्रिकेट का रोमांच, अक्टूबर में होंगे टी-20 के तीन मुकाबले

रायपुर में पहली बार दिखेगा महिला क्रिकेट का रोमांच, अक्टूबर में होंगे टी-20 के तीन मुकाबले

रायपुर (चैनल इंडिया)। रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े मंच पर नजर आने वाला है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबलों की मेजबानी के बाद अब राजधानी रायपुर को महिला टी:20 इंटरनेशनल सीरीज आयोजित करने का मौका मिला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच होने वाली टी:20 सीरीज का कार्यक्रम जारी कर दिया है।

यह पहली बार होगा जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम रायपुर में कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेगी, इससे प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सीरीज के तीनों मैच राजधानी रायपुर में आयोजित किए जाएंगे, जहां दर्शकों को महिला क्रिकेट का रोमांच करीब से देखने का मौका मिलेगा। भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच टी:20 सीरीज के मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को खेले जाएंगे। तीनों मैच रायपुर में आयोजित होंगे। वहीं जिम्बाब्वे महिला टीम का यह पहला भारत दौरा भी माना जा रहा है, जिससे इस सीरीज का महत्व और बढ़ गया है।

रायपुर को लगातार बड़े क्रिकेट आयोजनों की मेजबानी मिलने से छत्तीसगढ़ की पहचान खेल हब के रूप में मजबूत हो रही है। माना जा रहा है कि इस अंतरराष्ट्रीय सीरीज से प्रदेश में महिला क्रिकेट को भी नई पहचान और बढ़ावा मिलेगा।