रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक व्यवस्था में महिला आईएएस अधिकारियों की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता पर विष्णुदेव सरकार का भरोसा लगातार मजबूत होता दिखाई दे रहा है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी मंगलवार को 18 अगस्त के ट्रांसफर और बीते महीनों में हुए तबादलों को मिलाकर कैलकुलेट करें तो अब सूबे के कुल 1२ जिलों की कमान महिला प्रशासनिक अधिकारियों के हाथों में आ गई है।
मंगलवार शाम जारी आदेश के तहत तीन जिलों में नई महिला कलेक्टरों की पदस्थापना की गई है। संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पद पर पदस्थ जयश्री जैन (आईएएस 2016) को सक्ती जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की कलेक्टर रहीं तुलिका प्रजापति (आईएएस 2016) को कबीरधाम (कवर्धा) जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही खेल एवं युवा कल्याण संचालक के रूप में कार्यरत तनुजा सलाम (आईएएस 2019) को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का नया कलेक्टर बनाया गया है।
छत्तीसगढ़ में एक साथ 12 जिलों की कमान महिला कलेक्टरों के हाथ में होना केवल एक सामान्य प्रशासनिक फेरबदल नहीं, बल्कि राज्य में महिला सशक्तीकरण का एक बड़ा और सकारात्मक संदेश है। विशेष बात यह है कि सरकार ने महिला अफसरों को केवल शहरी या आसान जिलों तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि नारायणुपर, कोंडागांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बलरामपुर-रामानुजगंज और एमसीबी जैसे नवगठित व चुनौतीपूर्ण जिलों में भी भरोसा जताया है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में लगातार दूसरी बार महिला कलेक्टर की तैनाती (पहले तुलिका प्रजापति और अब तनुजा सलाम) सरकार की इसी सोच का नतीजा है।
इन जिलों में नारी शक्ति
1. कोंडागांव: नुपूर राशि पन्ना
2. बेमेतरा: प्रतिष्ठा ममगई
3. नारायणपुर: नम्रता जैन
4. सूरजपुर: रैना जमील
5. बालोद: दिव्या मिश्रा
6. सक्ती: जयश्री जैन
7. कवर्धा: तुलिका प्रजापति
8. सारंगढ़: पद्मिनी भोई
9. मोहला-मानपुर: तनुजा सलाम
10. बलरामपुर: चंदन त्रिपाठी
11. मनेंद्रगढ़: संतन देवी जांगड़े
12. कोरिया: रोक्तिमा यादव