छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, तापमान में गिरावट से राहत; अगले 5 दिनों तक बारिश और वज्रपात के आसार

छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, तापमान में गिरावट से राहत; अगले 5 दिनों तक बारिश और वज्रपात के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को मौसम के बदले मिजाज से राहत मिलने लगी है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले दो से तीन दिनों में राज्य में प्रवेश करने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के आगमन से पहले ही प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं।

शुक्रवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। यह प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं राजनांदगांव 42 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। दिनभर रायपुर में आंशिक बादल छाए रहे, हालांकि देर रात तक बारिश नहीं हुई।


दो-तीन दिनों में मानसून की दस्तक संभव

मौसम विभाग का कहना है कि बिहार तक पहुंच चुका दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और अनुकूल परिस्थितियों के चलते अगले दो से तीन दिनों में छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है। केरल में आगमन के बाद मानसून महज आठ दिनों में 17 राज्यों तक पहुंच चुका है।


प्रदेशभर में तापमान में आई कमी

पिछले दो दिनों के दौरान प्रदेश के लगभग सभी जिलों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली है। बस्तर संभाग में लगातार हो रही हल्की बारिश को मानसून पूर्व गतिविधियों का संकेत माना जा रहा है।


अगले पांच दिनों तक बारिश और बिजली गिरने की संभावना

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।


कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर और दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिलों में बारिश, मेघगर्जन और बिजली चमकने की गतिविधियों को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।


रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के प्रदेश में प्रवेश के साथ ही बारिश की गतिविधियां और बढ़ेंगी, जिससे तापमान में और गिरावट आने तथा लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।