मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कैसे बदला भारत, कहा- हर क्षेत्र में हुआ रिकॉर्ड विकास

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कैसे बदला भारत, कहा- हर क्षेत्र में हुआ रिकॉर्ड विकास

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की गिनाईं उपलब्धियां

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र के साथ भारत एक मजबूत, आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरा है।

मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2014 में देश के केवल सात राज्यों में भाजपा या एनडीए की सरकार थी, जबकि आज 22 राज्यों में भाजपा और एनडीए का शासन है। उन्होंने इसे जनता के विश्वास और केंद्र सरकार की नीतियों का परिणाम बताया।

जनकल्याणकारी योजनाओं का मिला व्यापक लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। आज देश में 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते हैं, जिनमें 32 करोड़ से ज्यादा खाते महिलाओं के नाम पर हैं।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा कोरोना काल से 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी 10 लाख 60 हजार से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत बड़ी संख्या में घरों तक नल के माध्यम से पेयजल पहुंचाया गया है।

स्वच्छता और ग्रामीण विकास को मिली नई दिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत के समय इसकी आलोचना की गई थी, लेकिन आज देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हो चुका है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता को नई दिशा मिली है।

उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यवसायियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।

जनजातीय समाज के उत्थान पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में जनजातीय समाज को विशेष सम्मान और अवसर मिले हैं। देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू मिलीं। इसके अलावा पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों और आदिवासी समुदायों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना और अन्य योजनाओं के माध्यम से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है।

बुनियादी ढांचे में तेजी से हुआ विस्तार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सड़क, रेलवे, हवाई और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लाखों किलोमीटर सड़कें बनाई गई हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार हुआ है और दुर्गम क्षेत्रों तक विकास पहुंचा है।

उन्होंने बताया कि देश में रेलवे के आधुनिकीकरण, नए एयरपोर्ट के निर्माण और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार पर तेजी से काम हुआ है। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर और अंबिकापुर जैसे शहरों को भी हवाई सेवाओं से जोड़ा गया है।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ा निवेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर में नए एम्स, मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हुई हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली योजनाओं से आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल रहा है।

गिरिराज सिंह ने भी गिनाईं उपलब्धियां

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और देश वैश्विक स्तर पर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि जीएसटी, बुनियादी ढांचे के विकास, विदेशी निवेश, निर्यात वृद्धि और आर्थिक सुधारों के जरिए भारत ने विश्व स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश की विकास यात्रा को नई गति मिली है।

मुख्यमंत्री साय और केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं।