देवेंद्र नगर मंडी ग्राउंड में 21 सितंबर से इन्द्रेश महाराज सुनाएंगे भागवत कथा
रायपुर। देवेंद्र नगर स्थित कृषि उपज मंडी ग्राउंड में 21 से 27 सितंबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। प्रख्यात भागवताचार्य एवं युवा आध्यात्मिक वक्ता पूज्य इन्द्रेश महाराज प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
21 सितंबर को निकलेगी मंगल कलश यात्रा
कथा के शुभारंभ अवसर पर 21 सितंबर को सुबह 10 बजे श्री राम जानकी मंदिर, कृषि उपज मंडी के सामने से भव्य मंगल कलश यात्रा निकलेगी। गाजे-बाजे और संकीर्तन के साथ शुरू होने वाली यात्रा देवेंद्र नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंडी ग्राउंड स्थित कथा स्थल पहुंचेगी। इसमें रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल होंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन समिति के मुख्य सेवादार गुंजन प्रजापति ने माताओं और बहनों से पीली साड़ी पहनकर कलश यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि सनातन परंपरा में पीला रंग मंगल, शुचिता, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।
कृष्ण लीला से रुक्मिणी विवाह तक होंगे प्रसंग
उन्होंने बताया कि सात दिनों तक कथा स्थल पर श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न आध्यात्मिक और प्रेरणादायी प्रसंगों की संगीतमय प्रस्तुति होगी। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, गोवर्धन पूजा महोत्सव, रुक्मिणी विवाह सहित अनेक प्रसंग श्रद्धालुओं को सुनाए जाएंगे। पूज्य इन्द्रेश महाराज अपनी सरस और ओजस्वी वाणी से भक्ति, धर्म, संस्कार, पारिवारिक समरसता और सनातन जीवन मूल्यों का संदेश देंगे।
हजारों श्रद्धालुओं के लिए डोम और पेयजल की व्यवस्था
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कथा स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ डोम, श्रद्धालुओं के लिए बैठक व्यवस्था, शीतल एवं शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को कथा श्रवण के दौरान सुविधाजनक और भक्तिमय वातावरण मिल सके।
सनातनी समाज को एकजुट करने का उद्देश्य
मुख्य सेवादार गुंजन प्रजापति ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य सनातन समाज को एकजुट करना और धर्म-संस्कृति एवं आध्यात्मिक विरासत की जड़ों को मजबूत करना है। उन्होंने रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं, बहनों और युवाओं से सपरिवार कथा में शामिल होने की अपील की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सर्व समाज के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
admin



