बस्तर का गौरव...राष्ट्रपति और सीएम ने भोजन परोसकर मांझी-चालकी का मान बढ़ाया

बस्तर का गौरव...राष्ट्रपति और सीएम ने भोजन परोसकर मांझी-चालकी का मान बढ़ाया
बस्तर दशहरा मेरे हृदय को विशेष रूप से स्पर्श करता है: राष्ट्रपति 
नई दिल्ली/ रायपुर (चैनल इंडिया)। बस्तर पंडुम के विजेताओं का गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में अभिनंदन हुआ। बस्तर के प्रतिनिधिमंडल के 209 सदस्यों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने हाथों से खाना परोसा।

मुख्यमंत्री के अनुरोध पर राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि वे भविष्य में बस्तर दशहरा और बस्तर पंडुम में अवश्य आएंगी। राष्ट्रपति ने कहा कि मांझी उनके परिवार का हिस्सा हैं। उनके पिता भी मांझी थे। बस्तर पंडुम छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उत्सव है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन को राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्तुत करने का यह ऐतिहासिक अवसर रहा। आज बस्तर शांति, विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सीएम के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, जनसम्पर्क आयुक्त रजत बंसल मौजूद थे।