स्कूटी की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, हादसे के बाद युवती फरार
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के नूतन चौक पर शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। ऑटो से उतरकर घर जाने की तैयारी कर रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार स्कूटी सवार युवती ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवती स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गई।
ऑटो से उतरते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, अटल आवास निवासी धांधू कुर्मी किसी काम से घर से निकले थे। शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह ऑटो से नूतन चौक पहुंचे। घर जाने के लिए ऑटो से उतरते समय तेज रफ्तार स्कूटी सवार युवती ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिम्स में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल बुजुर्ग को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्कूटी सवार युवती वाहन लेकर मौके से निकल गई।
सिम्स पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर शव को मरचुरी में रखवा दिया और घटना की सूचना सरकंडा पुलिस को दी। सरकंडा पुलिस ने मामले में मर्ग जांच शुरू कर दी है।
admin



