रायपुर (चैनल इंडिया)। 12 जून को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग सोमवार को जोरा स्थित द मॉल में आयोजित की गई। इस अवसर पर फिल्म की मुख्य अभिनेत्री कंगना रनौत विशेष रूप से मौजूद रहीं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ फिल्म देखने पहुंचे। कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक मनोज तापडिय़ा सहित फिल्म से जुड़े कलाकार और अन्य सदस्य भी शामिल हुए।
फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान मुख्य अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा कि मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों की उपस्थिति में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसे मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ देखा। मुख्यमंत्री ने कलाकारों और फिल्म से जुड़े लोगों का उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्देशक भी छत्तीसगढ़ से हैं, इसलिए यह उनके लिए एक विशेष अनुभव रहा। कंगना ने कहा कि आमतौर पर हम कर्मचारियों को सामान्य रूप से देखते हैं, लेकिन इस किरदार को निभाने के बाद उनकी मेहनत, समर्पण और जिम्मेदारियों का वास्तविक एहसास हुआ। भारत के प्रति लोगों में कितना गहरा प्रेम और समर्पण है, यह भी इस फिल्म के माध्यम से सामने आता है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म को सराहा
फिल्म भारत भाग्य विधाता को लेकर मुख्यमंत्री ने अभिनेत्री कंगना रनौत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए छत्तीसगढ़ को चुना। फिल्म में कंगना ने एक नर्स की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और 26/11 मुंबई आतंकी हमले की पृष्ठभूमि को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और विपरीत परिस्थितियों में साहस, कर्तव्यनिष्ठा तथा मानवता का परिचय कैसे दिया जाता है, इसका सशक्त संदेश देती है।