मानसून की दस्तक से बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और वज्रपात के आसार

मानसून की दस्तक से बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और वज्रपात के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने लगी हैं, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को आंशिक राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले चार से पांच दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेशभर में मौसम का रुख बदल सकता है और बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया। हालांकि बादलों की आवाजाही और बारिश के कारण कई क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत सुहाना बना हुआ है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की है।

गुरुवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा भी दर्ज की गई।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में गरज-चमक, अंधड़ और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। रायपुर का अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ प्रदेश में वर्षा का दायरा और विस्तार होगा, जिससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।