नौकरी ढूंढने के बजाय ‘मालिक’ बनें, सरकार देगी हर आइडिया को मदद

नौकरी ढूंढने के बजाय ‘मालिक’ बनें, सरकार देगी हर आइडिया को मदद

इनोवेशन 1.0 में मुख्यमंत्री ने दिया बड़ा संदेश

रायपुर/जगदलपुर (चैनल इंडिया)। बस्तर विश्वविद्यालय में आयोजित इनोवेशन 1.0 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने युवाओं को स्पष्ट संदेश दिया कि आगे आइए, नवाचार अपनाइए और बस्तर को मजबूत बनाइए, शासन हर कदम पर आपके साथ है।

कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय स्वरोजगार की ओर बढऩे के लिए प्रेरित किया गया। बस्तर संभाग में करीब दो लाख युवा बेरोजगार हैं। इसे चुनौती मानते हुए सरकार अब युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि युवा खुद का व्यवसाय शुरू करें और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने आइडिया को जमीन पर उतारें। सरकार युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप सहायता, लोन और प्रशिक्षण जैसी योजनाएं चला रही है, ताकि वे आसानी से अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। विश्वविद्यालय स्तर पर भी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को सही दिशा और मंच मिल सके।

युवा नई सोच के साथ आगे बढ़ें : ओपी चौधरी

वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि बस्तर में प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। वन उत्पाद, कृषि, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में नवाचार कर युवा बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं को जोखिम लेने और नई सोच के साथ आगे बढऩे की सलाह दी। उन्होंने कहा जो युवा प्रयोग करेंगे, वही आगे बढ़ेंगे। बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। राज्य सरकार ने बजट में बस्तर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं।

युवाओं के लिए नए रास्ते

बस्तर के युवाओं के लिए वन उत्पादों का प्रोसेसिंग, ऑर्गेनिक खेती, इको-टूरिज्म, हस्तशिल्प और लोक कला जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। सरकार का फोकस भी इन क्षेत्रों को बढ़ावा देने पर है। इनोवेशन 1.0 ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बस्तर का भविष्य युवाओं के हाथ में है। यदि वे नवाचार और उद्यमिता को अपनाते हैं, तो बस्तर न केवल रोजगार के मामले में आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि विकास की नई ऊंचाइयों को भी छुएगा।