एनडीए मुख्यमंत्रियों की बैठक में सीएम कल पेश करेंगे छत्तीसगढ़ की उपलब्धियां, आज शाम जाएंगे नई दिल्ली

एनडीए मुख्यमंत्रियों की बैठक में सीएम कल पेश करेंगे छत्तीसगढ़ की उपलब्धियां, आज शाम जाएंगे नई दिल्ली
रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शाम नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेते हुए मुख्यमंत्री राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का प्रस्तुतीकरण करेंगे। उनके इस दौरे को छत्तीसगढ़ के विकास और केंद्र से सहयोग प्राप्त करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
नई दिल्ली में आयोजित एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस दौरान विभिन्न राज्यों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और विकास कार्यों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, विकास परियोजनाओं और जनहितकारी पहलों की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी केंद्र सरकार के समक्ष रख सकते हैं।
मुख्यमंत्री 11 जून को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाली नीति आयोग की बैठक में भी भाग लेंगे। इस बैठक में देशभर के राज्यों के विकास संबंधी मुद्दों और भविष्य की रणनीतियों पर मंथन किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री साय बस्तर संभाग के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र में रोजगार एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार से विशेष आर्थिक पैकेज की मांग कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो बस्तर क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सकती है। दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात की संभावना है। इन बैठकों में राज्य से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों, परियोजनाओं और वित्तीय सहायता जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।