छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिलेंगे छह नए जज

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिलेंगे छह नए जज
बिलासपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढऩे जा रही है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हाईकोर्ट में 6 नए जजों की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। स्वीकृत नामों में चार अधिवक्ता और दो न्यायिक अधिकारी शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ कॉलेजियम की 30 अक्टूबर को हुई बैठक में इन नियुक्तियों से संबंधित प्रस्ताव पर विचार के बाद सहमति जताई गई। इसके बाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में नए न्यायाधीशों की नियुक्ति का रास्ता साफ  हो गया है। नए जजों के लिए जिन नामों को मंजूरी मिली है, उनमें आनंद शुक्ला, रत्ननिधि पुष्टी, शशांक ठाकुर और सौरभ शर्मा शामिल हैं। इनके अलावा न्यायिक सेवा से जुड़े रजनीश श्रीवास्तव और बलरामप्रसाद वर्मा के नाम को भी मंजूरी दी गई है। इस तरह चार अधिवक्ताओं और दो न्यायिक अधिकारियों को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीश बनाए जाने का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है।