भनपुरी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

भनपुरी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

रायपुर। राजधानी रायपुर के भनपुरी क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान कृतिका साहू (28 वर्ष) के रूप में हुई है। उनके पति एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कलेक्शन का कार्य करते हैं। रविवार को घर के भीतर महिला का शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

सभी पहलुओं से जांच जारी

पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में शादी के बाद संतान नहीं होने को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर फिलहाल कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।