टोटके से बाली खोजने का मामला: शिक्षिका निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा विकासखंड स्थित काठापाली प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका को अंधविश्वास फैलाने और विद्यार्थियों के साथ अनुचित व्यवहार के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। स्कूल में सोने की बाली गुम होने के बाद शिक्षिका द्वारा टोटका किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने निलंबन का आदेश जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षिका गीता कुम्भकार की सोने की बाली स्कूल परिसर में कहीं गुम हो गई थी। बाली की तलाश के लिए उन्होंने लाल कपड़ा, मौली, नारियल और चावल जैसी सामग्री का उपयोग कर कथित तौर पर टोटका किया। आरोप है कि इस दौरान बच्चों से पूछताछ करते हुए उन्हें डराया गया और बाली की जानकारी छिपाने पर पेट दर्द, गंभीर बीमारी, बुखार और अनहोनी जैसी बातें कही गईं।
वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
31 जुलाई को इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच में मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन आदेश में भी सामने आई चूक
शिक्षिका के निलंबन आदेश में एक प्रशासनिक त्रुटि भी सामने आई है। आदेश में घटना की तिथि 31 जुलाई 2026 के बजाय गलती से 31 अगस्त 2026 दर्ज कर दी गई है। इस त्रुटि को लेकर भी चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि आदेश जारी करते समय तारीख का सही परीक्षण नहीं किया गया।
फिलहाल शिक्षा विभाग मामले की आगे की जांच कर रहा है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
admin




