लाखेनगर साईं दरबार में महामहोत्सव कल, सुबह से रात तक होंगे धार्मिक आयोजन
सुबह दुग्धाभिषेक और साईं सच्चरित्र पाठ, शाम 6 बजे महाआरती के बाद भजनों की प्रस्तुति
रायपुर। लाखेनगर पहलदवा तालाब के पास स्थित मां सतबहनिया साईंनाथ दरबार में मंदिर के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर मंगलवार 20 अक्टूबर को भव्य सांई महोत्सव भक्तिमय वातावरण में मनाया जाएगा। दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, पंथी नृत्य, महाआरती और भजन संध्या के आयोजन होंगे। महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार रात मंदिर परिसर में बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
मंदिर के मुख्य ट्रस्टी गोवर्धन शर्मा ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत सुबह 8 बजे बाबा के दुग्धाभिषेक से होगी। सुबह 9 बजे से सांई सच्चरित्र का पाठ किया जाएगा। दोपहर 12 बजे मध्यान आरती और दोपहर 1 बजे से बाबा की इच्छा तक भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी।
महोत्सव में ग्राम देवरबीजा, सिरसा जिला बेमेतरा की गुरु ज्ञान पंथी नृत्य मंडली पंथी नृत्य की प्रस्तुति देगी। शाम 6 बजे बाबा की महाआरती होगी। इसमें शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपने घर से एक दीपक लाने की अपील की गई है। रात 9 बजे से रायपुर के सुप्रसिद्ध भजन गायक हर्ष जोशी ग्रुप भजनों की प्रस्तुति देगा। सांई सेवा उत्सव समिति ने महोत्सव में क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
admin





