पारस नगर में खूनी झड़प: नशा करने से रोका तो परिवार पर चाकू से हमला, पिता-पुत्र गंभीर

पारस नगर में खूनी झड़प: नशा करने से रोका तो परिवार पर चाकू से हमला, पिता-पुत्र गंभीर

रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पारस नगर में देर रात मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घर के सामने नशा कर रहे युवकों को रोकना एक परिवार को भारी पड़ गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल ने परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

हमले में अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और बेटे अनुज साहू घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अरुण साहू और अनुज साहू को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी देर रात इलाके में बैठकर नशा कर रहे थे। परिवार द्वारा विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी सेंट्रल और एसीपी कोतवाली समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल को हिरासत में ले लिया है। मामले में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।