रायपुर में ओवरब्रिज के नीचे गांजा बेचने की तैयारी में थी महिला,पुलिस ने दबोचा

रायपुर में ओवरब्रिज के नीचे गांजा बेचने की तैयारी में थी महिला,पुलिस ने दबोचा

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरस्वती नगर थाना पुलिस ने एक महिला को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 2.040 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग एक लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुकुरबेड़ा स्थित ओवरब्रिज के नीचे एक महिला गांजा लेकर खड़ी है और उसे बेचने की कोशिश कर रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया।

पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान खुशी देवार (19) निवासी देवार बस्ती, कुकुरखेड़ा, थाना सरस्वती नगर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैले से 2.040 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में सरस्वती नगर थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।