आयुष के पंजे में फंसी रायपुर रायनोस,रायगढ़ लायंस का अब बिलासपुर बुल्स से फाइनल मुकाबला

आयुष के पंजे में फंसी रायपुर रायनोस,रायगढ़ लायंस का अब बिलासपुर बुल्स से फाइनल मुकाबला

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल-3) के दूसरे सेमीफाइनल में रायगढ़ लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर रायनोस को 9 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताबी मुकाबले में रायगढ़ लायंस का सामना बिलासपुर बुल्स से होगा।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में रायगढ़ लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। गेंदबाजों ने कप्तान के इस निर्णय को सही साबित करते हुए रायपुर रायनोस को निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 116 रन तक सीमित कर दिया।

रायपुर रायनोस की ओर से मयंक यादव ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। शाहबान खान ने 31 और वैभव साहू ने 24 रन का योगदान दिया। इनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज प्रभाव नहीं छोड़ सका।

आयुष की घातक गेंदबाजी, हैट्रिक के साथ झटके 5 विकेट

रायगढ़ लायंस की जीत के सबसे बड़े नायक आयुष सिंह ठाकुर रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक सहित 5 विकेट अपने नाम किए। उनकी सटीक गेंदबाजी के सामने रायपुर के बल्लेबाज टिक नहीं सके और टीम सम्मानजनक स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाई।

संगीत और ऋषभ ने दिलाई आसान जीत

117 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायगढ़ लायंस की टीम ने शुरुआत से ही सकारात्मक क्रिकेट खेली। बल्लेबाजों ने किसी तरह का दबाव नहीं लिया और महज 14 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

संगीत सोनी ने नाबाद 50 रन की शानदार पारी खेली, जबकि ऋषभ तिवारी ने 40 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए मजबूत साझेदारी कर टीम को आसानी से जीत दिला दी।

फाइनल में बिलासपुर बुल्स से होगी भिड़ंत

रायगढ़ लायंस की यह जीत पूरी तरह एकतरफा रही। गेंदबाजों ने पहले रायपुर को कम स्कोर पर रोका और फिर बल्लेबाजों ने लक्ष्य को आसान बना दिया। इस जीत के साथ रायगढ़ ने फाइनल में जगह बना ली है, जहां 14 जून को उसका सामना बिलासपुर बुल्स से होगा।

प्लेयर ऑफ द मैच बने आयुष सिंह ठाकुर

हैट्रिक समेत 5 विकेट लेने वाले आयुष सिंह ठाकुर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने अपने दमदार स्पेल से मैच का रुख रायगढ़ लायंस के पक्ष में मोड़ दिया।