सीसीपीएल-3 : भावेश के पंजे में फंसी सरगुजा,अजय के तूफान से राजनांदगांव की 9 विकेट से धमाकेदार जीत

सीसीपीएल-3 : भावेश के पंजे में फंसी सरगुजा,अजय के तूफान से राजनांदगांव की 9 विकेट से धमाकेदार जीत

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण में सोमवार को राजनांदगांव पैंथर्स ने एकतरफा मुकाबले में सरगुजा टायगर्स को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। भावेश साहू की घातक गेंदबाजी और अजय मंडल की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर पैंथर्स ने महज 5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।


शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में राजनांदगांव पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और उसका फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ। सरगुजा टायगर्स की बल्लेबाजी शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। लगातार विकेट गिरने के कारण पूरी टीम 16.5 ओवर में सिर्फ 64 रन पर सिमट गई। यह सीसीपीएल इतिहास का अब तक का सबसे कम स्कोर भी बन गया।


सरगुजा की ओर से प्रथम जाचक ने सर्वाधिक 13 रन बनाए। टीम का कोई भी बल्लेबाज राजनांदगांव के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका।


राजनांदगांव की ओर से भावेश साहू ने कहर बरपाते हुए 5 विकेट झटके और सरगुजा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। अजय मंडल और सुमित रुइकर ने 2-2 विकेट लेकर उनका शानदार साथ निभाया।


65 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव पैंथर्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। अजय मंडल ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में 46 रन ठोक दिए। उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत टीम ने मात्र 5 ओवर में 1 विकेट खोकर 65 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। सरगुजा टायगर्स की ओर से हर्ष यादव को एकमात्र विकेट मिला।