सूरजपुर के नाले में मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नाले के अंदर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बसदेई चौकी क्षेत्र की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोनपुर नर्सरी के पास मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह सोनपुर नर्सरी के पास स्थित कोल्हुआ नाले में लोगों ने एक युवक का शव देखा। मृतक की पहचान सोनपुर निवासी नाहर सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
admin



