झीरम घाटी में मजदूरों से भरा पिकअप पलटा, एक की मौत; 16 घायल
बस्तर। तोंगपाल क्षेत्र में नेशनल हाईवे 30 पर रविवार सुबह मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा झीरम घाटी मार्ग पर सुबह करीब 9 बजे हुआ। दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए तोंगपाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सीआरपीएफ जवानों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ की 227वीं बटालियन के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तोंगपाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने में मदद की। घायलों की स्थिति को देखते हुए दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए डिमरापाल रेफर किया गया, जबकि अन्य का उपचार तोंगपाल में किया गया।
दरभा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को हटवाया और वाहन को थाने ले गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभा अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ढलाई के काम के लिए जा रहे थे मजदूर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल मजदूर ओडिशा क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे ठेकेदार के बुलावे पर कूकानार इलाके में ढलाई का काम करने के लिए पिकअप में सवार होकर जा रहे थे।
तेज रफ्तार और ब्रेक फेल होने की बात आई सामने
घायल मजदूरों में से कुछ ने बताया कि चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। मोड़ के पास सड़क पर बने गड्ढे से बचने के दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। वहीं, चालक ने ब्रेक नहीं लगने को हादसे की वजह बताया है।
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
admin



