CG Crime : जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपति की हत्या, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
मां की मौत के लिए दंपति को मानता था जिम्मेदार, टंगिया-हंसिया से हमला कर जेवर लूटे, झाड़ियों से हथियार बरामद
रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र के बिरबिरा गांव में बुजुर्ग दंपति की हत्या जादू-टोने के शक में की गई थी। पुलिस के मुताबिक, गांव के ही 22 वर्षीय युवक को संदेह था कि दंपति ने जादू-टोना कर उसकी मां की जान ली है। इसी रंजिश में उसने दोनों की हत्या कर दी और महिला के सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले का 48 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतकों की पहचान सदाशी साहू (65) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62) के रूप में हुई है। 8 अक्टूबर को गांव के सरपंच चम्मन लाल साहू ने पुलिस को सूचना दी थी कि अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर दंपति की हत्या कर दी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले।
छत के रास्ते घर में घुसा, सोते समय किया हमला
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू (22) ने पूछताछ में बताया कि 6 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे परिवार के सो जाने के बाद वह टंगिया और हंसिया लेकर अपने घर की छत से पड़ोसी की छत पार कर दंपति के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर टंगिया से वार किया। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू के सिर और गले पर टंगिया से हमला किया और हंसिया से सीने-पेट पर वार किए।
जेवर लेकर भागा, हथियार झाड़ियों में छिपाए
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी महिला के शरीर पर पहने चांदी के कमरबंध, ऐंठी और माला सहित सोने के जेवर ले गया। घर में रखी अंगूठी, बिछिया और सिक्के भी लूट लिए। वारदात के बाद उसने खून लगे हथियारों को नाली में धोया और सफेद बोरी में रखकर तामासिवनी रोड किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टंगिया, हंसिया, खून लगी जींस और लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
admin



