छत्तीसगढ़ में बदला मौसम: रायपुर समेत कई जिलों में बारिश-आंधी, 3 दिन बाद फिर बढ़ेगा तापमान
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का असर देखने को मिला। कई इलाकों में वज्रपात की घटनाएं भी दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए फिर से तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुटरू में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं लाभांडीह में 4 सेंटीमीटर और रायपुर में 3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। भटगांव, सरिया और बिलाईगढ़ में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बिलासपुर, मोहला, सारंगढ़, माना-रायपुर, लोरमी, कुनकुरी और बगीचा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 4 और 4.7 डिग्री कम रहा। शहर में सुबह 8:30 बजे तक 26 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं उत्तरी तेलंगाना और उससे लगे क्षेत्रों में 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर दूसरा चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
हालांकि विभाग का कहना है कि आज से मेघगर्जन की गतिविधियों में कमी आने लगेगी। इसके बाद अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
रायपुर शहर में 7 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

admin 





